बच्चों के झगड़े ने लिया उग्र रूप, दो पक्षों में जमकर पथराव…

रुड़की,
रुड़की कोतवाली क्षेत्र के बंदा रोड पर मंगलवार रात बच्चों के बीच शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते बड़े टकराव में बदल गया। कुछ ही मिनटों में दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस पथराव तक पहुंच गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बच्चों के बीच कहासुनी के बाद उन्होंने अपने-अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर पहुंचकर विरोध जताने लगे। बात बढ़ने पर पहले एक ओर से पत्थर फेंके गए, जिसके जवाब में दूसरी ओर से भी ईंट-पत्थर चलने लगे। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र तनाव की चपेट में आ गया।

लगातार हो रहे पथराव से आसपास के लोग दहशत में आ गए। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और सख्ती दिखाते हुए दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति पर काबू पाया।

चौकी प्रभारी आनंद मेहरा ने बताया कि बच्चों के विवाद के कारण स्थिति कुछ समय के लिए बिगड़ गई थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि दोबारा शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।