सहारनपुर रोड स्थित आज्ञा बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड में हंगामा, 12 नामजद पर मुकदमा दर्ज

Roorkee। सहारनपुर रोड स्थित आज्ञा बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड में शनिवार को उस समय हंगामा हो गया जब पीपल्स पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कंपनी के श्रमिकों के साथ मिलकर कार्य ठप कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। कंपनी प्रबंधन की ओर से मामले में पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने 12 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कंपनी के एडमिन सूरज चौधरी द्वारा कोतवाली मंगलौर में दी गई तहरीर के अनुसार, पीपल्स पार्टी से जुड़े ललित कुमार, कपिल कुमार छाबड़ा, अनुज कुमार सहित अन्य संदिग्धों ने कंपनी परिसर में प्रवेश कर श्रमिकों को भड़काया और हड़ताल के लिए उकसाया। आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने हाईकोर्ट के आदेश की अवहेलना भी की।

तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए कंपनी के खिलाफ साजिश रच रहे थे तथा हाथापाई और गाली-गलौज पर उतारू थे। जो श्रमिक काम पर आना चाहते थे, उन्हें डराया-धमकाया गया और गेट पर ही रोक दिया गया। इस घटनाक्रम से औद्योगिक क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित हुई है।

फैक्टरी प्रबंधन द्वारा पुलिस को सौंपी गई सूची में ललित कुमार के अलावा बंसी, कपिल कुमार, अनुज कुमार, जयकुमार, दीपक, रोहिल, अर्जुन, अंकित, स्वाति, बोहती, सोनू, आनंद कुमार, परमजीत, सीमा और राम बतौरी समेत कई लोगों को नामजद किया गया है।

कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच प्रक्रिया जारी है।