हरिपुर-कोटी मार्ग पर बड़ा हादसा: हिमाचल रोडवेज बस 100 मीटर गहरी खाई में गिरी

कालसी/हरिपुर।
हिमाचल प्रदेश के चौपाल से पांवटा साहिब आ रही हिमाचल रोडवेज की एक बस मंगलवार को हरिपुर–कोटी–क्वानू–मीनस राज्य राजमार्ग पर सुदोई खड्ड के पास करीब 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसा उस समय हुआ, जब बस कालसी की ओर से आ रहे एक ट्रक को पास दे रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे बना पुश्ता ढह गया, जिससे बस अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।

व्यापारिक और सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हरिपुर–कोटी–क्वानू–मीनस राज्य राजमार्ग लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाला 72 किलोमीटर लंबा यह अंतरराज्यीय मोटर मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है। लगभग 30 किलोमीटर तक मार्ग डेढ़ लेन का है, जबकि इसके बाद सिंगल लेन सड़क होने से वाहनों की आवाजाही और भी जोखिम भरी हो जाती है।

मार्ग पर बने पुश्ते और रिटेनिंग वॉल्स भी जगह-जगह से जर्जर अवस्था में हैं। दुर्घटनाओं की दृष्टि से संवेदनशील इस पूरे मार्ग पर क्रैश बैरियर की भारी कमी है। इनके अभाव में हर साल कई वाहन दुर्घटनाग्रस्त होते हैं और लोगों को असमय अपनी जान गंवानी पड़ती है।

जौनसार-बावर क्षेत्र के प्रवेश द्वार हरिपुर-कालसी से होकर गुजरने वाला यह मार्ग देश की प्रमुख जल विद्युत परियोजनाओं—छिबरौ, कोटी और इच्छाड़ी—को जोड़ता है। साथ ही उत्तराखंड के त्यूणी-बाबर और हिमाचल प्रदेश के शिमला, रोहड़ू जैसे सेब व फल उत्पादक क्षेत्रों से बागवान और काश्तकार इसी मार्ग से अपनी नकदी फसलें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर और दिल्ली की मंडियों तक पहुंचाते हैं।

अफसोसजनक स्थिति यह है कि हर बड़ी दुर्घटना के बाद ही शासन-प्रशासन हरकत में आता है, जबकि स्थानीय जनप्रतिनिधि केवल संवेदना जताने तक सीमित रह जाते हैं। न तो स्थायी मरम्मत, न क्रैश बैरियर और न ही मार्ग के चौड़ीकरण की दिशा में गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासनिक उपेक्षा का खामियाजा उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के लोगों को बार-बार जानमाल के नुकसान के रूप में भुगतना पड़ रहा है।