बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति का एलान, 2 फरवरी को विशाल मौन जुलूस और महारैली…

Rishikesh : बापूग्राम स्थित भूमियाल देवता मंदिर के समीप क्षेत्रीय लोगों ने बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में नगर निगम के करीब 35 पार्षदों ने हिस्सा लिया। इस दौरान समिति पदाधिकारियों और क्षेत्रीय नागरिकों ने 2 फरवरी को विशाल मौन जुलूस और महारैली निकालने का आह्वान किया।

समिति पदाधिकारियों ने बताया कि यह रैली सुबह 10 बजे आईडीपीएल हॉकी मैदान से शुरू होकर पैदल मार्च करते हुए तहसील परिसर में समाप्त होगी। रैली के दौरान क्षेत्रीय लोग एसडीएम के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री को अपनी मांगों से संबंधित पत्र सौंपेंगे।

नगर निगम के पार्षदों ने कहा कि इस प्रकरण से नगर निगम के नवगठित करीब 12 वार्ड प्रभावित हो रहे हैं। उनकी प्रमुख मांग है कि प्रदेश और केंद्र सरकार जल्द से जल्द इस क्षेत्र को राजस्व ग्राम घोषित करें, ताकि यहां रह रहे लोगों को मूलभूत अधिकार और सुविधाएं मिल सकें।

बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष रमेश जुगलान ने बताया कि आंदोलन का मुख्य उद्देश्य वन भूमि प्रकरण से प्रभावित परिवारों को जमीन और मकान का मालिकाना हक दिलाना और पूरे क्षेत्र को विधिवत रूप से राजस्व ग्राम घोषित कराना है।

बैठक में पार्षद आशु डंग, राजेश दिवाकर, तन्नू तेवतिया, दिनेश रावत, प्रिंस मनचंदा, चेतन चौहान, अजय दास सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।