गैस गोदामों से सिलिंडर वितरण पर रोक, अब केवल होम डिलीवरी से मिलेगा रसोई गैस

Dehradun: जिला प्रशासन ने गैस सिलिंडर लेने के लिए गोदामों और गैस एजेंसियों पर बढ़ रही भीड़ को देखते हुए वहां से सीधे सिलिंडर वितरण पर रोक लगा दी है। देर शाम अपर जिलाधिकारी की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किए गए।

प्रशासन का कहना है कि गैस गोदामों और एजेंसियों पर लग रही लंबी लाइनों के कारण उपभोक्ताओं को काफी परेशानी हो रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए नई व्यवस्था लागू की गई है।

नई व्यवस्था के अनुसार अब गैस एजेंसी के गोदामों से उपभोक्ताओं को सीधे सिलिंडर नहीं दिया जाएगा। यदि कोई उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम से गैस बुक नहीं कर पा रहा है, तो वह एजेंसी पर जाकर बुकिंग करा सकता है, लेकिन रसोई गैस की आपूर्ति केवल होम डिलीवरी के माध्यम से ही की जाएगी।

इसके अलावा गैस एजेंसियों पर वितरण व्यवस्था सही तरीके से लागू हो और घर-घर सिलिंडर की डिलीवरी सुनिश्चित हो, इसके लिए जिला प्रशासन की टीम निगरानी रखेगी। जिले की 70 गैस एजेंसियों पर नजर रखने के लिए 30 अधिकारियों को नामित किया गया है। ये अधिकारी रसोई गैस की कालाबाजारी पर भी नजर रखेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की समस्या न हो।