होटल में महिला से दुष्कर्म का आरोप, ऑटो चालक, कार चालक और होटल मैनेजर गिरफ्तार

हरिद्वार। हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला को होटल ले जाकर यौन शोषण किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि होटल मैनेजर ने बिना आईडी लिए और रजिस्टर में एंट्री किए बिना कमरा किराये पर दे दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार शनिवार रात महिला हरिद्वार बस अड्डे के पास पहुंची, जहां वह एक ऑटो में सवार हुई। कुछ दूरी पर ऑटो चालक ने उसे एक कार में बैठा दिया। आरोप है कि कार चालक महिला को बहलाकर शिवमूर्ति गली स्थित सुकून गेस्ट हाउस ले गया। वहां ऑटो चालक भी पहुंच गया।

महिला का आरोप है कि होटल के कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। किसी तरह वहां से निकलकर वह कोतवाली पहुंची और पुलिस को सूचना दी। शिकायत में श्याम और अंकित पर दुष्कर्म तथा गोविंदा पर सहयोग का आरोप लगाया गया है।

शहर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर टीम गठित कर जांच शुरू की गई। रविवार को पुलिस ने अंकित वर्मा, श्याम साहू और होटल मैनेजर गोविंदा सिंह को घोड़ा घाट के पास नहर पटरी से गिरफ्तार कर लिया।

तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।