
ऋषिकेश:
पौराणिक वीरभद्र मंदिर परिसर में उस समय कौतूहल का माहौल बन गया जब खुदाई के दौरान पत्थरों पर उकेरी गई मूर्तियां और सुंदर नक्काशी सामने आई। इन पत्थरों को देखकर स्थानीय लोग इन्हें किसी प्राचीन मंदिर के अवशेष होने की संभावना जता रहे हैं।

शुक्रवार को मंदिर के पीछे मैदान में स्थित पीपल के पेड़ के नीचे बने छोटे मंदिर के पास चबूतरा निर्माण के लिए जेसीबी से खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान जमीन से नक्काशीदार पत्थर और मूर्तियों के अवशेष निकल आए।
पत्थरों पर उकेरी गई आकृतियां और बारीक कलाकारी देखकर स्थानीय लोग भी हैरान रह गए। लोगों का मानना है कि यह पत्थर किसी पुराने मंदिर से जुड़े हो सकते हैं।
क्षेत्र के लोगों का कहना है कि पहले भी यहां प्राचीन मंदिर होने की चर्चा होती रही है और अब खुदाई में मिले ये पत्थर उस इतिहास की ओर संकेत कर रहे हैं।
स्थानीय निवासी महेश प्रसाद और दिनेश सिंह सहित अन्य लोगों ने प्रशासन और पुरातत्व विभाग से इन पत्थरों की जांच कराने की मांग की है, ताकि इनके ऐतिहासिक महत्व का पता लगाया जा सके। लोगों का कहना है कि यदि ये अवशेष प्राचीन मंदिर से जुड़े पाए जाते हैं तो इनके संरक्षण के लिए उचित कदम उठाए जाने चाहिए।
