49 दिनों से धरने पर बैठे एयरपोर्ट प्रभावितों ने निकाली रैली, सरकार से मांगों पर ध्यान देने की अपील….

जौलीग्रांट। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पिछले 49 दिनों से धरने पर बैठे एयरपोर्ट प्रभावितों ने शुक्रवार को धरना स्थल से श्रीदेव सुमन चौक, जौलीग्रांट तक रैली निकालकर सरकार का ध्यान आकृष्ट करने का प्रयास किया। रैली में दर्जनों एयरपोर्ट प्रभावितों के साथ स्थानीय लोग और कांग्रेस नेता भी शामिल हुए।

एयरपोर्ट प्रभावित विपुल सजवाण ने कहा कि कड़ाके की ठंड के बावजूद प्रभावित परिवारों के लोग, विशेषकर महिलाएं, लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 49 दिन बीत जाने के बाद भी उनकी जायज मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इसी उपेक्षा के विरोध में चेतावनी स्वरूप यह रैली निकाली गई है।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि विकास के नाम पर एयरपोर्ट प्रभावितों से जमीनें ली जा रही हैं, लेकिन बदले में उनकी समस्याओं और मांगों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रभावितों को हटाने या किसी भी प्रकार की कार्रवाई करने से पहले उनकी मांगों का समाधान करना चाहिए। कांग्रेस पार्टी प्रभावितों के साथ खड़ी है और जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

रैली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस दौरान करतार नेगी, रविंद्र सजवाण, हुकम सिंह, तीरा देवी, ममता देवी, शोभा देवी सहित बड़ी संख्या में एयरपोर्ट प्रभावित और समर्थक मौजूद रहे।