
रुड़की। रुड़की में गुरुवार देर शाम चलती कार में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कार सड़क किनारे रोक दी और बाहर कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी।
जानकारी के अनुसार 19 फरवरी की शाम संजय पुत्र इलम सिंह, निवासी ग्राम रंधेड़ी, थाना गंगोह, जिला सहारनपुर जिला, अपनी मारुति सुजुकी ऑल्टो कार से मंगलौर होते हुए रुड़की में एक शादी समारोह में शामिल होने आ रहे थे। जैसे ही वह मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित पेसिफिक होटल के पास पहुंचे, कार से अचानक धुआं निकलने लगा।
धुआं उठता देख चालक ने तुरंत कार सड़क किनारे रोक दी और बाहर निकल गए। कुछ ही पलों में कार ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे आसपास अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना दमकल विभाग को दी गई। लीडिंग फायरमैन अतर सिंह राणा के नेतृत्व में फायर यूनिट मौके पर पहुंची और हौज पाइप फैलाकर पंपिंग के जरिए आग पर काबू पाया। टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार के पेट्रोल टैंक को फटने से भी बचा लिया, जिससे संभावित बड़ा हादसा टल गया।
हालांकि आग में कार के टायर, सीटें, वायरिंग, इंजन और अंदर रखा सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। इस दौरान मंगलौर कोतवाली पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
दमकल विभाग के अनुसार आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
