

पिरान कलियर के रहमतपुर रोड पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बाइक सवार को बचाने के लिए अपना वाहन नाले की ओर मोड़ दिया। इस दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई, जिससे चालक घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रहमतपुर की ओर से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे ही पुल के पास स्थित एक धर्म कांटे के निकट पहुंची, तभी सामने से आ रही बाइक पर सवार दो युवकों की बाइक एक साइकिल सवार से टकरा गई। टक्कर के बाद बाइक अनियंत्रित हो गई और बाइक सवार एक युवक सड़क के बीच जा गिरा।

स्थिति की गंभीरता को समझते हुए ट्रैक्टर चालक ने तुरंत निर्णय लेते हुए वाहन को दूसरी दिशा में मोड़ दिया, ताकि सड़क पर गिरे युवक को बचाया जा सके। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली संतुलन खो बैठी और नाले में गिरकर पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल चालक को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। चालक का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
गनीमत रही कि इस घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ। स्थानीय लोगों ने चालक की सूझबूझ और बहादुरी की सराहना करते हुए राहत की सांस ली।
