लक्सर। किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने लक्सर तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन कर प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। उन्होंने सरकार से गन्ने का मूल्य 550 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने, किसानों के बिजली बिल माफ करने और खेती से जुड़ी अन्य समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की।
धरने को संबोधित करते हुए हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश का किसान महंगाई और खेती की लगातार बढ़ती लागत के चलते आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा है। इसके बावजूद किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए गन्ने का भाव जल्द घोषित करना चाहिए। साथ ही किसानों के बिजली बिल माफ कर उन्हें आर्थिक राहत दी जानी चाहिए।
इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने भी किसानों के समर्थन में आवाज उठाते हुए प्रदेश सरकार से जल्द ठोस कदम उठाने की मांग की। प्रदर्शन में हरिद्वार लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी वीरेंद्र रावत, हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत, कलियर विधायक फुरकान अहमद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, संदीप चौधरी, सत्यवीर चौधरी, लक्सर के पूर्व विधायक तसलीम अहमद, जिला पंचायत सदस्य संजय सैनी, नगर अध्यक्ष भगत सिंह, मनोज वर्मा और फिरोज सिद्दीकी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि किसानों की समस्याओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों को उनका अधिकार और फसलों का उचित मूल्य दिलाने के लिए पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी। धरना-प्रदर्शन के जरिए कांग्रेस ने किसानों के मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए जल्द निर्णय लेने की मांग की।
किसानों की मांगों को लेकर लक्सर तहसील में गरजे हरीश रावत, गन्ने का भाव 550 रुपये करने की उठाई मांग
