बॉट ब्रो घोटाले में एजेंटों पर शिकंजे की तैयारी, एसटीएफ के रडार पर कई चेहरे

देहरादून में दो एजेंटों की गिरफ्तारी के बाद बढ़ी जांच की रफ्तार,

लक्सर। बॉट ब्रो, क्यूएफएक्स और क्रॉस मार्केट जैसे ऑनलाइन निवेश प्लेटफॉर्म के जरिए करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में एसटीएफ ने जांच तेज कर दी है। देहरादून में दो एजेंटों की गिरफ्तारी के बाद अब इस नेटवर्क से जुड़े कई अन्य एजेंट भी जांच एजेंसी के निशाने पर हैं। इनमें लक्सर क्षेत्र के कुछ एजेंटों के नाम भी सामने आने की बात कही जा रही है।

जानकारी के अनुसार, 24 अप्रैल को 40 से अधिक निवेशकों ने लक्सर कोतवाली पहुंचकर मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। अनुमान है कि अकेले लक्सर क्षेत्र में ही 250 से अधिक लोगों से 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम निवेश के नाम पर जुटाई गई। हरिद्वार, देहरादून और ऋषिकेश समेत प्रदेश के कई अन्य शहरों में भी निवेशकों ने शिकायतें दर्ज कराई हैं। पूरे उत्तराखंड में इस नेटवर्क के जरिए 1200 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की आशंका जताई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभिन्न थानों में दर्ज मुकदमों की जांच एसटीएफ को सौंप दी गई थी।

जांच में सामने आया है कि एआई आधारित फॉरेक्स ट्रेडिंग और क्रिप्टोकरेंसी में निवेश के नाम पर लोगों को आकर्षक रिटर्न का लालच दिया गया। लक्सर में दर्ज मुकदमे के तार मुजफ्फरनगर से लेकर दुबई तक जुड़े होने की बात सामने आई है। आरोप है कि मुजफ्फरनगर निवासी लविश चौधरी उर्फ नवाब ने दुबई में रहकर अपने एजेंटों के माध्यम से कई राज्यों में निवेशकों को पांच प्रतिशत रिटर्न और क्रिप्टोकरेंसी में लाभ का प्रलोभन दिया। इसी आधार पर बड़ी संख्या में लोगों से निवेश कराया गया।

आरोप है कि कुछ समय बाद निवेशकों की रकम फंस गई और संबंधित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बंद हो गए। इसके बाद एजेंटों ने भी निवेशकों की रकम लौटाने से हाथ खड़े कर दिए। लक्सर क्षेत्र में कई व्यापारी, नौकरीपेशा लोग, सेवानिवृत्त कर्मचारी और अधिवक्ता तक इस कथित निवेश योजना के शिकार हुए हैं।

विभिन्न थानों में दर्ज 10 मुकदमों की जांच के दौरान एसटीएफ ने 6 नवंबर को दो एजेंटों को गिरफ्तार किया। इनमें रुद्रप्रयाग निवासी नवीन और देहरादून निवासी महिला कविता शामिल हैं। इन गिरफ्तारियों के बाद जांच एजेंसी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका खंगाल रही है। निवेशकों को योजना से जोड़ने वाले एजेंटों की गतिविधियों और उनके जरिए जुटाई गई रकम की भी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लक्सर कोतवाली में दर्ज मुकदमे की विवेचना भी एसटीएफ कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी स्पष्ट हो सकती है।