अमेरिका की 23 देशों में ‘डू नॉट ट्रैवल’ अलर्ट, लिस्ट में भारत का भी नाम?

वॉशिंगटन। दुनिया के विभिन्न हिस्सों में जारी युद्ध, राजनीतिक अस्थिरता और सुरक्षा संबंधी खतरों को देखते हुए अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए यात्रा संबंधी चेतावनी जारी की है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने 23 देशों को अपनी सबसे गंभीर ट्रैवल एडवाइजरी लेवल-4 यानी ‘डू नॉट ट्रैवल’ श्रेणी में रखा है। इसके तहत अमेरिकी नागरिकों को इन देशों की यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई है।

अमेरिकी विदेश मंत्रालय की TravelGov सेवा के अनुसार, लेवल-4 श्रेणी उन देशों के लिए निर्धारित की जाती है, जहां सुरक्षा की स्थिति बेहद गंभीर होती है। ऐसे क्षेत्रों में युद्ध, आतंकवाद, अपहरण, हिंसा और राजनीतिक अस्थिरता जैसे खतरे बने रहते हैं। इसके अलावा आपात स्थिति में अमेरिकी सरकार के लिए अपने नागरिकों तक सहायता पहुंचाना भी मुश्किल हो सकता है।

ये 23 देश लेवल-4 की सूची में शामिल

अमेरिकी विदेश मंत्रालय की बताई गई सूची में अफगानिस्तान, बेलारूस, बुर्किना फासो, म्यांमार, सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक, चाड, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, हैती, ईरान, इराक, लेबनान, लीबिया, माली, नाइजर, उत्तर कोरिया, रूस, सोमालिया, दक्षिण सूडान, सूडान, सीरिया, युगांडा, यूक्रेन और यमन शामिल हैं।

अफ्रीका के कई देशों में सुरक्षा संबंधी खतरे

इस सूची में अफ्रीका के 11 देश शामिल बताए गए हैं। इनमें बुर्किना फासो, सेंट्रल अफ्रीकन रिपब्लिक, चाड, डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, लीबिया, माली, नाइजर, सोमालिया, दक्षिण सूडान, सूडान और युगांडा शामिल हैं। इन देशों में आतंकवादी गतिविधियों, सशस्त्र संघर्ष, अपहरण, आपराधिक घटनाओं और राजनीतिक अस्थिरता को प्रमुख सुरक्षा चुनौतियों के रूप में देखा गया है।

चार स्तरों में जारी होती है ट्रैवल एडवाइजरी

अमेरिकी विदेश मंत्रालय विदेश यात्रा के लिए चार स्तरों पर चेतावनी जारी करता है। लेवल-1 में सामान्य सावधानी बरतने, लेवल-2 में अतिरिक्त सतर्कता रखने, लेवल-3 में यात्रा के फैसले पर पुनर्विचार करने और लेवल-4 में संबंधित देश की यात्रा नहीं करने की सलाह दी जाती है।

लेवल-4 को सबसे गंभीर चेतावनी माना जाता है। इस श्रेणी में शामिल देशों में यात्रियों की जान को गंभीर खतरा हो सकता है और किसी आपात स्थिति में अमेरिकी प्रशासन की सहायता भी सीमित रह सकती है।

भारत को लेवल-2 श्रेणी में रखा

अमेरिकी ट्रैवल एडवाइजरी में भारत को लेवल-2 यानी ‘एक्सरसाइज इंक्रीज्ड कॉशन’ की श्रेणी में रखा गया है। इसका अर्थ है कि अमेरिकी नागरिकों को भारत की यात्रा के दौरान सामान्य से अधिक सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। भारत को लेवल-4 की सूची में शामिल नहीं किया गया है।