बीएसएम डिग्री कॉलेज को मिला विश्वविद्यालय का दर्जा, रुड़की में खुशी की लहर

रुड़की। उत्तराखंड सरकार के उत्तराखंड निजी विश्वविद्यालय (द्वितीय संशोधन) विधेयक के तहत प्रदेश के चार महाविद्यालयों को विश्वविद्यालय का दर्जा देने के निर्णय में रुड़की के ऐतिहासिक बीएसएम डिग्री कॉलेज का नाम भी शामिल है। इस घोषणा के बाद कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों और कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। इसे रुड़की की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

उत्तराखंड उर्दू अकादमी के पूर्व उपाध्यक्ष, उत्तराखंड भाषा संस्थान के सदस्य और बीएसएम कॉलेज के मानद शिक्षक अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलोरी ने इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत और शिक्षा सचिव को बधाई दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से इस उपलब्धि की प्रतीक्षा कर रहे थे। सरकार के निर्णय से उनकी उम्मीदों को नई दिशा मिली है।

अफजल मंगलोरी ने कहा कि स्वर्गीय मनोहर लाल शर्मा ने बीएसएम शिक्षण संस्थान की स्थापना और विकास के लिए अपना जीवन समर्पित किया था। आज संस्थान को विश्वविद्यालय का दर्जा मिलना उनके समर्पण और प्रयासों का महत्वपूर्ण परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विश्वविद्यालय बनने से क्षेत्र में उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार होगा और विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।

कॉलेज को विश्वविद्यालय का दर्जा मिलने की खबर सामने आते ही शिक्षकों और कर्मचारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। इस अवसर पर उन्होंने कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष एडवोकेट पंडित ममतेश शर्मा और निदेशक एडवोकेट रजनीश शर्मा का आभार जताया। शिक्षकों ने कहा कि प्रबंधन के निरंतर प्रयासों और नेतृत्व से संस्थान को यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई