उद्योगों की समस्याओं पर अधिकारियों से संवाद, समाधान का दिया भरोसा

रुड़की। रामनगर स्थित एक होटल में स्माल स्केल इंडस्ट्रियल एसोसिएशन की ओर से अर्धवार्षिक उद्योग समीक्षा एवं संवाद बैठक आयोजित की गई। बैठक में उद्योगों के समक्ष वर्तमान में आ रही विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान को लेकर संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम का संचालन केतन भारद्वाज ने किया।

मुख्य अतिथि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ ने विषम परिस्थितियों के बावजूद उद्योगों को आगे बढ़ाने और प्रदेश व देश के विकास में योगदान देने के लिए उद्यमियों की सराहना की। उन्होंने उद्योगों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने उद्योग हित में इस तरह के संवाद कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने को आवश्यक बताया।

जिला उद्योग केंद्र, हरिद्वार के महाप्रबंधक उत्तम कुमार तिवारी ने उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उद्यमियों ने सब्सिडी मिलने में हो रही देरी का मुद्दा उठाते हुए लंबित सब्सिडी जल्द जारी कराने की मांग की।

उप श्रम आयुक्त कमल जोशी के समक्ष उद्यमियों ने 20 वर्ष पुराने लेबर सेस से संबंधित बकाया के नोटिस जारी किए जाने का मुद्दा उठाया। उद्यमियों ने कहा कि पुरानी औद्योगिक इकाइयों के दस्तावेज जुटाना मुश्किल है। कई इकाइयां वर्ष 2005 के बाद दो-तीन बार अलग-अलग उद्यमियों को हस्तांतरित हो चुकी हैं। ऐसे में इस मामले में औद्योगिक संगठनों के साथ विस्तृत चर्चा कर व्यावहारिक समाधान तैयार करने की मांग की गई।

अग्निशमन विभाग रुड़की के प्रभारी वंश नारायण यादव ने उद्योगों को अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। उद्यमियों ने एनओसी जारी होने में देरी और प्रक्रिया को सरल बनाने का मुद्दा उठाया।

ईपीएफओ के प्रवर्तन अधिकारियों सुनील बब्बर और राजेश कुमार ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दी और अधिक से अधिक श्रमिकों को इनसे जोड़ने की अपील की। वहीं ईएसआईसी के सामाजिक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र नेगी ने श्रमिकों के लिए उपलब्ध योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिडकुल हरिद्वार में करीब 300 बेड का ईएसआई अस्पताल लगभग तैयार है और वर्ष के अंत तक इसके शुरू होने की संभावना है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष भारत भूषण गुप्ता और सचिव अजय कुमार गर्ग ने अधिकारियों एवं विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। बैठक में हरिद्वार जनपद के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों समेत बड़ी संख्या में उद्यमी मौजूद रहे।