

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने मंगलवार को समूह-ग की सात भर्तियों का संशोधित परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया। इसके साथ ही वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक, आशुलिपिक ग्रेड-2, स्टेनोग्राफर समेत अन्य समूह-ग के 101 पदों पर भर्ती का विज्ञापन भी जारी किया गया है।
आयोग के सचिव एनएस डुंगरियाल की ओर से जारी पत्र के अनुसार, पशुधन प्रसार अधिकारी, सर्वेक्षक और साहसिक खेल अधिकारी की परीक्षा अब 20 सितंबर के बजाय 18 अक्तूबर को होगी। वहीं, कैमरामैन और प्राविधिक सहायक इतिहास की परीक्षा 18 अक्तूबर के बजाय 20 सितंबर को आयोजित की जाएगी। सहायक लेखाकार की परीक्षा चार अक्तूबर के बजाय अब एक नवंबर को होगी, जबकि वैयक्तिक सहायक की परीक्षा एक नवंबर के स्थान पर 20 दिसंबर को होगी।
विज्ञान इंटर और स्नातक स्तर के पदों की परीक्षा 17 जनवरी को ही प्रस्तावित है। पूर्व कैलेंडर में वर्ष 2026 गलती से प्रकाशित हो गया था, जिसे संशोधित कर 2027 किया गया है।
14 सितंबर से आवेदन
वैयक्तिक सहायक, आशुलिपिक और अन्य पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 सितंबर से शुरू होकर 14 अक्तूबर तक चलेगी। अभ्यर्थी 17 से 19 अक्तूबर के बीच आवेदन में हुई त्रुटियों में सुधार कर सकेंगे। लिखित परीक्षा की अनंतिम तिथि 20 दिसंबर निर्धारित की गई है।
भर्ती राज्य के 19 अलग-अलग विभागों में होगी। इसमें आवास विभाग में वैयक्तिक सहायक के 22 पद, आयुक्त कुमाऊं मंडल के 16 पद और वन निगम के 10 पद शामिल हैं।
12वीं पास अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
वैयक्तिक सहायक पद के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 42 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी। शैक्षिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है। इसके साथ 80 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति जरूरी है।
आशुलिपिक पद के लिए भी 12वीं पास होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी को हिंदी और अंग्रेजी आशुलेखन में न्यूनतम 80 शब्द प्रति मिनट तथा टाइपिंग में 40 शब्द प्रति मिनट की गति होनी चाहिए।
आवेदन शुल्क अनारक्षित और ओबीसी वर्ग के लिए 300 रुपये, जबकि एससी, एसटी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 150 रुपये निर्धारित किया गया है।
