

‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत’ का संकल्प, वंदेमातरम पर कांग्रेस के रुख की निंदा
हल्द्वानी। भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में बुधवार को विभिन्न राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। बैठक में ‘विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत का संकल्प’ प्रस्ताव केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने रखा। वहीं, वंदेमातरम को लेकर कांग्रेस के रुख की निंदा की गई।
पहले प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष के कार्यकाल पर चर्चा की गई। इस दौरान उनके कार्यकाल की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए आभार व्यक्त किया गया।
दूसरे राजनीतिक प्रस्ताव में हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले को लेकर कांग्रेस के रुख की आलोचना की गई। बैठक में तय किया गया कि भाजपा विकास, विरासत और संरक्षण के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। साथ ही कांग्रेस का समाज और देश विरोधी विचारधारा के रूप में जनता के बीच खुलकर विरोध करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पार्टी के आगामी चुनावी कार्यक्रमों और संगठनात्मक रणनीति को लेकर भी चर्चा की गई।
