निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण के 80 युवाओं को बांटे प्रमाणपत्र

धीरेंद्र सिंह पंवार ने कहा- युवा अपने हुनर से दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करें

डोईवाला। चाणक्य जनोत्थान फाउंडेशन की ओर से बहुद्देशीय एवं वित्त विकास निगम के सहयोग से आयोजित निशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के 80 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए। फाउंडेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष धीरेंद्र सिंह पंवार ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए।

इस अवसर पर धीरेंद्र सिंह पंवार ने कहा कि छात्र और युवा परिवर्तन के प्रतीक हैं। वर्तमान समय में युवाओं के लिए कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसर बेहद महत्वपूर्ण हैं। सरकार भी युवाओं के उन्नयन के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने युवाओं से अपने हुनर को विकसित कर आत्मनिर्भर बनने और अपने कौशल के माध्यम से दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का आह्वान किया।

फाउंडेशन अध्यक्ष रजनीश हल्दुआ ने कहा कि संस्था का उद्देश्य युवाओं और जरूरतमंद लोगों को व्यावहारिक प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम युवाओं को पारंपरिक रोजगार की तलाश से आगे बढ़कर अपनी क्षमता और हुनर के आधार पर स्वरोजगार स्थापित करने का अवसर देते हैं।

कार्यक्रम में गोवर्धन सिंह, अनुज कुमार, अब्दुल वहाब, पूनम सिंह, अक्षिता सेमवाल, नेहा सिंह, पंकज और रोहित सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।