क्षतिग्रस्त सड़क के नीचे गहरी खाई में मिला व्यापारी का शव

पानीवाला बैंड के पास कार खड़ी मिली, एसडीआरएफ और फायर सर्विस ने चलाया रेस्क्यू अभियान

देहरादून। देहरादून-मसूरी मार्ग पर पानीवाला बैंड के पास मंगलवार सुबह सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के नीचे करीब 200 मीटर गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव नदी के समीप पड़ा था। सूचना पर पहुंची पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला। मृतक की पहचान अजय कुमार कोहली पुत्र देवेंद्र कुमार कोहली, निवासी क्रॉस रोड, देहरादून के रूप में हुई है।

एसएसआई सतेंद्र भाटी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे सूचना मिली कि पानीवाला बैंड के निकट सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास एक कार खड़ी है और नीचे गहरी खाई में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कोल्हूखेत चौकी प्रभारी पंकज महिपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

मौके पर खड़ी कार की तलाशी लेने पर पुलिस को उसके अंदर से शराब की आधी बोतल, पर्स और मोबाइल फोन मिला। शव काफी गहरी खाई में होने के कारण एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीम को मौके पर बुलाया गया। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद शव को खाई से बाहर निकाला। मौके पर फील्ड यूनिट और एंबुलेंस की टीम भी मौजूद रही।

परिजनों के अनुसार, अजय कुमार कोहली मंगलवार सुबह करीब सात बजे घर से मसूरी घूमने के लिए निकले थे। वह देहरादून में व्यापारी थे। घटना की सूचना मिलने पर उनके परिजन भी मौके पर पहुंच गए और शव की शिनाख्त की।

पुलिस ने शव को खाई से बाहर निकालने के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।