जन्माष्टमी पर दिल्ली-हरिद्वार के बीच चलेगी विशेष ट्रेन, रुड़की में भी ठहराव

रुड़की। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे दिल्ली और हरिद्वार के बीच विशेष ट्रेन का संचालन करेगा। तीन से छह सितंबर के बीच संचालित होने वाली अनारक्षित स्पेशल ट्रेन का रुड़की रेलवे स्टेशन पर भी ठहराव रहेगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि गाड़ी संख्या 04413 दिल्ली-हरिद्वार अनारक्षित स्पेशल ट्रेन तीन, चार और पांच सितंबर को दिल्ली रेलवे स्टेशन से रात 11 बजे रवाना होगी। ट्रेन गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर और रुड़की होते हुए अगले दिन सुबह 4:55 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 04414 हरिद्वार-दिल्ली अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चार, पांच और छह सितंबर को हरिद्वार रेलवे स्टेशन से शाम 5 बजे रवाना होगी। निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव करते हुए ट्रेन रात 10 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

अयोध्या के लिए भी स्पेशल ट्रेन

सीनियर डीसीएम ने बताया कि इसके अलावा गाड़ी संख्या 04213-04214 अयोध्या कैंट-आनंद विहार टर्मिनल-अयोध्या कैंट स्पेशल ट्रेन का भी संचालन किया जाएगा। यह ट्रेन तीन और चार सितंबर को दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा लगाएगी।

ट्रेन तीन सितंबर को शाम 6:20 बजे अयोध्या कैंट से रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में आनंद विहार टर्मिनल से चार सितंबर को सुबह 8:20 बजे रवाना होकर रात 9:35 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।

इस ट्रेन का ठहराव बाराबंकी, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, हापुड़ और गाजियाबाद रेलवे स्टेशनों पर दिया गया है।