

रुड़की। आगामी त्योहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए शहर में चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों की जांच की और तीन सैंपल लिए। इनमें एक खाद्य तेल, हमदर्द ब्रांड की हींग और हल्दी पाउडर मसाला शामिल है। सभी सैंपलों को जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की लगातार कार्रवाई से शहर के दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग की टीम डेयरी, शॉपिंग मॉल, मिठाई की दुकानों, परचून की दुकानों और गोदामों में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच रही है। इस दौरान खाद्य सामग्री की एक्सपायरी डेट, मैन्युफैक्चरिंग डेट, पैकिंग और निर्माण इकाई से संबंधित जानकारी भी देखी जा रही है।
कमी मिलने पर होगी कार्रवाई
जांच के दौरान खाद्य पदार्थों में किसी तरह की कमी या खराबी मिलने पर विभाग की ओर से नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई से बचने के लिए कुछ दुकानदार टीम के आने की सूचना अपने स्तर से जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। टीम की लोकेशन की जानकारी मिलते ही कुछ दुकानदार दुकानें बंद कर मौके से निकल जा रहे हैं। हालांकि विभाग की टीम अलग-अलग क्षेत्रों में लगातार चेकिंग अभियान चला रही है।
गोदामों के स्टॉक की भी जांच
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडे ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए अभियान चलाया जा रहा है। नगर निगम रुड़की क्षेत्र में एक-एक दुकान की जांच की जा रही है। दुकानों के अलावा गोदामों में रखे खाद्य पदार्थों के स्टॉक की भी जांच की जा रही है। खाद्य पदार्थों में निर्धारित मानकों की कमी मिलने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
