पीडब्ल्यूडी कर्मचारी का विभागीय आवास में मिला शव, 11 दिन से था कार्यालय से अनुपस्थित

देहरादून। लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता गढ़वाल कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी का शव बुधवार को विभागीय आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। कर्मचारी बीते 22 अगस्त से कार्यालय से अनुपस्थित चल रहे थे। आवास से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया।

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान जितेंद्र प्रसाद थपलियाल (41) पुत्र गोविंद राम, निवासी बसली, प्रतापनगर, टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई है। वह लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता गढ़वाल कार्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे। जितेंद्र विभागीय कॉलोनी स्थित आवास में अकेले रहते थे।

कमरे से दुर्गंध आने पर दी सूचना

सीओ सदर तपेश कुमार चंद ने बताया कि कर्मचारी के 22 अगस्त से कार्यालय नहीं आने की जानकारी मिली है। बुधवार को कमरे से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे की जांच की तो जितेंद्र प्रसाद मृत अवस्था में मिले।

पुलिस ने घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस के मुताबिक मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।