

रुड़की। शहर में पहली बार पाइपलाइन के जरिये गैस संचालन की योजना शुरू हो गई है। योजना के तहत सबसे पहले सोलानीपुरम वार्ड के लोगों के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू की गई, जिसमें पहले दिन ही 100 उपभोक्ताओं ने कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। बताया जा रहा है कि आने वाले समय में अन्य वार्डों में भी पाइपलाइन से गैस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना के तहत इच्छुक उपभोक्ता एकमुश्त राशि का भुगतान कर कनेक्शन ले सकते हैं। इसके अलावा उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए आसान किश्तों में कनेक्शन लेने के विकल्प भी दिए गए हैं। पीएनजी कनेक्शन मिलने के बाद लोगों को एलपीजी सिलेंडर के लिए लाइन में लगने और अचानक गैस खत्म होने की चिंता से राहत मिलेगी।
तीन विकल्पों में ले सकेंगे कनेक्शन
पीएनजी कनेक्शन के लिए उपभोक्ताओं को भुगतान के तीन विकल्प दिए गए हैं। पहले विकल्प में 7,354 रुपये का एकमुश्त भुगतान करना होगा, जिसमें 7,000 रुपये सिक्योरिटी राशि शामिल है। दूसरे विकल्प में 280 रुपये प्रतिमाह 25 महीने तक भुगतान करना होगा। वहीं, तीसरे विकल्प के तहत 50 रुपये प्रतिमाह की किश्त 15 वर्ष तक जमा करनी होगी।
इसके अलावा उपभोक्ताओं द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली गैस का भुगतान 58 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से करना होगा। गैस की खपत का आकलन करने के लिए प्रत्येक घर के बाहर मीटर लगाया जाएगा।
पहले दिन 100 लोगों ने लिया कनेक्शन
पार्षद प्रतिनिधि रमेश जोशी ने बताया कि योजना शुरू होने के पहले ही दिन सोलानीपुरम वार्ड के 100 लोगों ने कनेक्शन के लिए आवेदन किया है। उन्होंने बताया कि जल्द ही अन्य वार्डों के लोगों को भी पाइपलाइन के जरिये गैस की सुविधा उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
