बाइक को टक्कर मारकर दो युवकों को किया घायल, वाहन छोड़कर चालक फरार

हरिद्वार। कनखल कोतवाली क्षेत्र में बाइक को टक्कर मारकर दो युवकों को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हादसे के बाद वाहन चालक गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

खानपुर निवासी धर्मपाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 26 अगस्त की रात करीब 11 बजे उनका बेटा संजीत कुमार (32) और भतीजा वीरेंद्र कुमार (33) देहरादून से मजदूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे। इंद्राबस्ती जगजीतपुर के पास हरियाणा नंबर के एक वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक से सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। आरोप है कि दुर्घटना के बाद चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों की सूचना पर दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को एम्स रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

रविवार को धर्मपाल ने कनखल कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस हादसे की जांच के साथ आरोपी वाहन चालक की तलाश कर रही है।