कुल शरीफ के दिन कलियर में सफाई व्यवस्था बदहाल, कूड़े के ढेर और कीचड़ से जायरीन परेशान

पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के 758वें सालाना उर्स के मुख्य रस्मों के दौर में मेला क्षेत्र की सफाई व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है। लाखों रुपये का ठेका छोड़े जाने के बावजूद बाजारों, गलियों और रास्तों पर जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। सुबह हुई हल्की बारिश के बाद कई रास्तों पर कीचड़ फैल गया, जबकि कूड़े से उठ रही बदबू ने देशभर से पहुंचे जायरीन और स्थानीय दुकानदारों की परेशानी बढ़ा दी है। मुख्य रस्म के दिन सफाई व्यवस्था की यह स्थिति प्रशासनिक तैयारियों पर सवाल खड़े कर रही है।

दरगाह साबिर पाक का 758वां सालाना उर्स चल रहा है। गुरुवार को 13 रबीउल अव्वल के मौके पर कुल शरीफ की रस्म अदा की जा रही है। इसमें शामिल होने के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीन कलियर पहुंचे हैं। ऐसे महत्वपूर्ण मौके पर मेला क्षेत्र में जगह-जगह फैली गंदगी और कूड़े के ढेर व्यवस्था की स्थिति बयां कर रहे हैं।

बारिश के बाद बाजारों और रास्तों पर कीचड़ फैलने से पैदल आवाजाही भी मुश्किल हो गई। गंदगी और बदबू के बीच जायरीनों को दरगाह तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि उर्स के दौरान सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए, लेकिन मुख्य रस्म के दिन ही हालात खराब दिखाई दे रहे हैं।

लाखों रुपये का ठेका होने के बावजूद सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने से ठेका व्यवस्था और उसकी निगरानी पर भी सवाल उठ रहे हैं। जायरीनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कूड़े के ढेर हटवाने, रास्तों की सफाई कराने और कीचड़ वाले स्थानों पर व्यवस्था करने की मांग की है। साथ ही संबंधित ठेकेदार की कार्यप्रणाली की जांच कर लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की मांग उठाई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उर्स में देशभर से लाखों जायरीन पहुंचते हैं। ऐसे में स्वच्छता और सुचारु आवाजाही प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि जायरीनों को किसी तरह की परेशानी न हो।