

कानपुर। कानपुर के कटरी क्षेत्र में गुरुवार दोपहर नत्थूपुरवा गांव के पास एक ट्विन इंजन ट्रेनिंग विमान अचानक अनियंत्रित होकर खेतों में जा गिरा। हादसे में विमान में सवार दोनों ट्रेनी पायलटों की मौत हो गई। विमान के खेतों में गिरते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रेनिंग विमान अचानक तेज आवाज के साथ खेतों में आ गिरा। हादसे के बाद विमान का मलबा खेतों में बिखर गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने मलबे से दोनों पायलटों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल एक ट्रेनी पायलट को तत्काल हैलट अस्पताल भेजा गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच के बाद ही विमान के अनियंत्रित होकर गिरने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
गौरतलब है कि इसी वर्ष 26 जून को भी कानपुर में विमान हादसा हुआ था। गर्ग एविएशन लिमिटेड में पायलट प्रशिक्षण ले रही दिल्ली की एक युवती विमान लैंड कराने के बाद जल्द उतरने के दौरान प्रोपेलर की चपेट में आ गई थी। गंभीर रूप से घायल युवती को सर्वोदय नगर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
कानपुर में फ्लाइंग क्लब का संचालन पिछले 31 वर्षों से हो रहा है। रविवार को डीजीसीए की टीम भी मामले की जांच के लिए शहर पहुंची थी। कैंट थाना प्रभारी अरविंद राय ने बताया कि जांच के लिए टीम आई है और जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों का पता चल सकेगा।
