

देहरादून। सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट और अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोपों को लेकर उर्मिला सनावर के खिलाफ नेहरू कॉलोनी थाने में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। एक महिला की तहरीर पर दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि उर्मिला सनावर अपनी फेसबुक आईडी के जरिए उसके खिलाफ लगातार अभद्र और आपत्तिजनक बातें लिख रही थीं। महिला ने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ आत्महत्या के लिए भी उकसाया जा रहा है।
तहरीर के मुताबिक, उर्मिला सनावर ने सोशल मीडिया के माध्यम से महिला के खिलाफ लगातार आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर सोशल मीडिया पोस्ट और उससे जुड़े साक्ष्यों की जांच शुरू कर दी है।
उर्मिला सनावर के खिलाफ उत्तराखंड के अलग-अलग थानों में पहले भी कई मामले दर्ज हो चुके हैं। इनमें भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत पर दर्ज मामला भी शामिल है। नेहरू कॉलोनी थाने में ही आरती गौड़ की शिकायत पर भी उर्मिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। आरती ने आरोप लगाया था कि उनका मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाने के बाद उन्हें अज्ञात लोगों से धमकी भरे फोन आने लगे।
उर्मिला सनावर नवंबर 2025 में उस समय भी सुर्खियों में आई थीं, जब उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट से भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री से मदद की गुहार भी लगाई थी। सोशल मीडिया पर वह अपना नाम ‘एक्ट्रेस उर्मिला सुरेश राठौर’ लिखती हैं और खुद को पूर्व विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर सोशल मीडिया पर ऑडियो और वीडियो जारी करने के बाद भी उर्मिला सनावर चर्चा में रही थीं। उन्होंने कुछ सफेदपोशों और राजनेताओं के मामले में शामिल होने के दावे किए थे। उनके बयानों और आरोपों के बाद उत्तराखंड पुलिस की सात सदस्यीय एसआईटी ने उन्हें पूछताछ के लिए समन भेजा था। जनवरी 2026 में देहरादून और हरिद्वार में उनसे कई घंटे पूछताछ हुई थी। इस दौरान उन्होंने मोबाइल फोन में मौजूद रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्य पुलिस को सौंपने की बात कही थी।
अब नेहरू कॉलोनी थाने में दर्ज नए मुकदमे के बाद उर्मिला सनावर की मुश्किलें फिर बढ़ गई हैं। पुलिस सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट, टिप्पणियों और उनसे जुड़े अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।
