बहनों की हत्या से पहले मां को बता दिया था इरादा, चेतावनी के बावजूद नहीं बच सकीं बेटियां

रुड़की। चुड़ियाला में रह रहा विवेक अपनी दोनों बहनों से खफा था। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि वह कथित तौर पर बहनों के चरित्र को लेकर नाराज था और उनकी हत्या का मन करीब एक माह पहले ही बना चुका था। उसने अपनी मां के सामने भी बहनों को मौत के घाट उतारने के इरादे का संकेत दिया था। मां ने बेटे की बात को गंभीरता से लेते हुए बड़ी बेटी को सावधान भी किया था, लेकिन बहनें भाई के मन में सुलग रही नफरत को भांप नहीं सकीं।

एसएसपी नवनीत भुल्लर के मुताबिक, विवेक ने करीब एक माह पहले अपनी मां को बहनों की हत्या करने के इरादे के बारे में बताया था। मां ने इसे गंभीरता से लिया और बड़ी बेटी को भी सावधान रहने के लिए कहा था। हालांकि, बहनों ने इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया। इसके बाद विवेक ने वारदात को अंजाम दे दिया।

पुलिस के अनुसार, विवेक पहले अपने भाई के साथ मिलकर कोचिंग सेंटर चलाता था। करीब डेढ़ वर्ष पहले थाना कनखल पुलिस ने उसे नकल कराने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद राज्य में लागू नकल विरोधी कानून के तहत उसे करीब छह माह जेल में रहना पड़ा। फिलहाल वह कोचिंग सेंटर नहीं चला रहा था और गांव में ही रह रहा था।

वहीं, वारदात के दौरान विवेक ने अपने जीजा संदीप पर भी गोली चला दी थी। गोली लगने से संदीप घायल हो गया, जिसका एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है। पुलिस मामले की जांच में विवेक के हत्या के पीछे के कारणों और वारदात की पूरी कड़ी को खंगाल रही है।