

देहरादून। भगवान श्री टपकेश्वर महादेव की 26वीं भव्य शोभायात्रा का शुभारंभ आज त्रयोदशी के अवसर पर सहारनपुर रोड स्थित श्री शिवाजी धर्मशाला से हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शोभायात्रा में शामिल होने पहुंचे और टपकेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री, महंत कृष्ण गिरी महाराज, दिगंबर भरत गिरी महाराज सहित देश-विदेश से पहुंचे अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर शोभायात्रा का शुभारंभ किया।
शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी, जहां यात्रा का समापन होगा। इस दौरान श्री टपकेश्वर महादेव, श्री दूधेश्वर महादेव, श्री तपेश्वर महादेव, श्री देवेश्वर महादेव और ब्रह्मलीन महंत माया गिरि महाराज का डोला श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
महंत कृष्ण गिरी महाराज और दिगंबर भरत गिरी महाराज ने बताया कि इस बार शोभायात्रा को पहले से अधिक आकर्षक और भव्य स्वरूप देने के प्रयास किए गए हैं। शोभायात्रा के समापन के बाद टपकेश्वर महादेव मंदिर के सत्संग भवन में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम
आयोजकों के अनुसार श्रद्धालुओं और आम जनता को यात्रा मार्ग पर आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए सेवा दल के सेवादार पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर प्रत्येक चौराहे पर व्यवस्था संभाल रहे हैं। स्वच्छता व्यवस्था के लिए 50-50 लोगों की दो टीमें अलग-अलग समय पर तैनात की गई हैं। ये टीमें शोभायात्रा के गुजरने के तुरंत बाद सड़क की सफाई करेंगी।
स्वास्थ्य और आपातकालीन व्यवस्था के तहत दो एंबुलेंस भी शोभायात्रा के साथ चल रही हैं। इनमें दो डॉक्टर और चार नर्स तैनात हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एक फायर ब्रिगेड वाहन भी यात्रा के साथ मौजूद है।
