

पिरान कलियर। दरगाह साबिर पाक के सालाना उर्स के बीच पिरान कलियर आने वाले प्रमुख मार्ग पर सोलानी नदी पुल की बदहाल स्थिति को लेकर कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। सोमवार को कांग्रेस विधायक फुरकान अहमद, जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी और रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुल पर प्रदर्शन किया। इस दौरान नेताओं ने सड़क पर बने गहरे गड्ढों को लेकर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उर्स शुरू हो चुका है और देश-विदेश से बड़ी संख्या में जायरीन पिरान कलियर पहुंच रहे हैं। रुड़की रेलवे स्टेशन और बस अड्डे से कलियर आने वाले अधिकांश जायरीन इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं। इसके बावजूद सोलानी पुल पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई है।
विधायक फुरकान अहमद ने कहा कि उर्स जैसे बड़े धार्मिक आयोजन के दौरान सरकार को जायरीनों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने चाहिए थे। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति सरकार की तैयारियों की हकीकत बयां कर रही है। किसी हादसे के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन को अभी सड़क को सुरक्षित करना चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी और पूर्व मेयर गौरव गोयल ने आरोप लगाया कि सरकार और प्रशासन की लापरवाही के कारण जायरीनों और स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि पुल पर बने गहरे गड्ढे रात के समय और भी खतरनाक हो जाते हैं। बड़ी संख्या में वाहन और जायरीन रोजाना इस मार्ग से गुजर रहे हैं, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उर्स की मुख्य रस्मों के दौरान जायरीनों की संख्या और बढ़ेगी। ऐसे में सड़क की बदहाली को नजरअंदाज करना लोगों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उर्स की तारीख पहले से तय थी तो मुख्य मार्गों की मरम्मत समय रहते क्यों नहीं कराई गई।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और पुल के गड्ढों को तत्काल भरकर मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की। नेताओं ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता आंदोलन को और तेज करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
