बेड़पुर चौक के पास ढाबे पर चार नकाबपोश बदमाशों ने की फायरिंग

रुड़की। कोतवाली क्षेत्र में भगवानपुर बाईपास मार्ग पर बेड़पुर चौक के पास रविवार देर रात चार नकाबपोश बदमाशों ने ढाबे पर फायरिंग कर दी। हमले में ढाबा संचालक का बेटा बाल-बाल बच गया। गोली के छर्रे ढाबे की दीवार में जा घुसे। पूरी वारदात ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

बेड़पुर निवासी इदरीस का भगवानपुर बाईपास मार्ग पर ढाबा है। रविवार रात इदरीस ढाबे के एक कमरे में सो रहे थे, जबकि उनका बेटा सोएब ढाबे पर मौजूद था। रात करीब दो बजे दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश ढाबे के पास पहुंचे। बदमाशों ने बाइक कुछ दूरी पर खड़ी की और ढाबे पर पहुंचकर सोएब को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी।

अचानक हुई फायरिंग से ढाबे पर अफरा-तफरी मच गई। सोएब और वहां मौजूद अन्य लोगों ने इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई। फायरिंग में गोली के छर्रे ढाबे की दीवार में जा लगे। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों हमलावर मौके से फरार हो गए।

सोएब ने पुलिस को बताया कि चारों हमलावर नकाबपोश थे और दो बाइकों से आए थे। उन्होंने ढाबे से कुछ दूरी पर बाइक खड़ी की और पैदल ढाबे पर पहुंचकर उस पर फायरिंग की। इसके बाद सभी हमलावर फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जानकारी जुटाई। पुलिस ने ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को जल्द चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।