

मसूरी। पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित है। बारिश के चलते शहर और आसपास के क्षेत्रों में सड़कें क्षतिग्रस्त होने के साथ ही भवनों पर भी खतरा बढ़ गया है। शुक्रवार को कैंपटी रोड क्षेत्र में एक बहुमंजिला भवन अचानक भरभराकर धराशायी हो गया। हादसे के समय भवन के अंदर मौजूद पांच लोग समय रहते बाहर निकल आए और बाल-बाल बच गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भवन गिरने से पहले अचानक तेज आवाज हुई। आवाज सुनकर अंदर मौजूद लोग तत्काल बाहर की ओर भागे। इसके कुछ ही क्षण बाद बहुमंजिला भवन जोरदार आवाज के साथ मलबे में तब्दील हो गया। भवन के अंदर रखा पूरा सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया।
बताया गया कि भवन में चार कमरे थे और इसकी छत पर रेस्टोरेंट भी संचालित किया जा रहा था। हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। भवन के धराशायी होने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें इमारत को अचानक भरभराकर गिरते हुए देखा जा सकता है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय भवन में मौजूद सभी पांच लोग सुरक्षित बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़क क्षति और जर्जर भवनों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही जर्जर और जोखिम वाले भवनों का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है।
