

देहरादून। प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में गुरुवार को भी मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिले के कुछ क्षेत्रों में बिजली चमकने और गर्जन के साथ तेज से मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है। इसे लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी तेज बारिश के दौर पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 25 अगस्त तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है।
बारिश की चेतावनी को देखते हुए देहरादून में गुरुवार को कक्षा एक से 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार को धूप ने बढ़ाई गर्मी
बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद बुधवार को मौसम ने करवट बदली। दिन में चटक धूप खिलने से गर्मी ने अपने तेवर दिखाए और दून के अधिकतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
दोपहर के समय तेज धूप के कारण लोगों को सड़कों पर चलने और खुले स्थानों पर रहने में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, शाम होते-होते मौसम ने फिर करवट बदली और कई क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस के साथ सामान्य रहा।
मालदेवता में सबसे अधिक 83 मिमी बारिश
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक मालदेवता क्षेत्र में सबसे अधिक 83 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं, सहस्रधारा में 65 मिमी और मसूरी में 18 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
कई इलाकों में तेज बारिश के कारण सड़कों पर पानी जमा हो गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
