स्वारना नदी का जलस्तर बढ़ने से जंगल में फंसे यूपीईएस के छह छात्र सुरक्षित रेस्क्यू

विकासनगर। भारी बारिश के कारण स्वारना नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से जंगल में फंसे यूपीईएस के छह छात्रों को एसडीआरएफ की टीम ने सकुशल रेस्क्यू कर लिया। छात्र ट्रैकिंग के लिए मिसरास पट्टी के थान गांव स्थित स्वारना नदी क्षेत्र में गए थे।

जानकारी के अनुसार, ट्रैकिंग के बाद वापस लौटते समय अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते स्वारना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया, जिससे सभी छह छात्र जंगल में फंस गए और सुरक्षित रास्ता पार नहीं कर सके।

छात्रों के फंसे होने की सूचना मिलते ही डाकपत्थर स्थित एसडीआरएफ की रेस्क्यू टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। दुर्गम क्षेत्र और नदी का जलस्तर बढ़ा होने के कारण टीम को घटनास्थल तक पहुंचने के लिए करीब छह किलोमीटर पैदल ट्रैकिंग करनी पड़ी।

एसडीआरएफ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी छह छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद छात्रों को जिला पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। रेस्क्यू किए गए सभी छात्र यूपीईएस के बताए गए हैं और उनकी स्थिति सामान्य है।

एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने बारिश के मौसम में पर्यटकों और छात्रों से नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ट्रैकिंग या अन्य साहसिक गतिविधियों पर निकलने से पहले मौसम का पूर्वानुमान जरूर देखना चाहिए और खराब मौसम की संभावना होने पर जोखिम भरे क्षेत्रों में जाने से बचना चाहिए।