ज्वेलर्स की दुकान में नकबजनी का खुलासा, मुख्य आरोपी की निशानदेही पर 2.8 किलो चांदी के आभूषण बरामद

रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक ज्वेलर्स की दुकान में हुई नकबजनी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मामले के मुख्य आरोपी आफताब आलम को पुलिस ने जिला बागपत जेल से बी वारंट पर तलब कर पूछताछ की। उसकी निशानदेही पर मेरठ के मवाना क्षेत्र से करीब दो किलो 800 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। पुलिस के अनुसार, ज्वेलर्स की दुकान में हुई चोरी के संबंध में पहले ही मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मुख्य आरोपी के रूप में आफताब आलम का नाम सामने आया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी दिल्ली के गांधी नगर क्षेत्र के शांति मोहल्ला का निवासी है और वह किसी अन्य मामले में जिला बागपत जेल में बंद था। इसके बाद पुलिस उसे बी वारंट पर रुड़की लेकर आई और पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर मेरठ के मवाना क्षेत्र से चोरी किए गए चांदी के आभूषण बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में इससे पहले दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी को मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।