

नई दिल्ली। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET UG) 2026 का परिणाम गुरुवार देर रात घोषित कर दिया गया। इस वर्ष देशभर से करीब 20 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया था, जिनमें से मेडिकल, डेंटल, आयुष तथा अन्य चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 11.21 लाख उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया है। सफल अभ्यर्थियों में 58 प्रतिशत लड़कियां शामिल हैं।
इस वर्ष पंजाब के आर्यन गुप्ता और हरियाणा के पंशुल बंसल ने 715 अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया है। खास बात यह रही कि इस बार कोई भी अभ्यर्थी 720 में से पूरे 720 अंक प्राप्त नहीं कर सका।
आंकड़ों के अनुसार, 138 उम्मीदवारों ने 690 से अधिक अंक हासिल किए हैं, जबकि 19 अभ्यर्थियों के अंक 700 से ऊपर रहे। वहीं 1,492 उम्मीदवारों ने 650 से अधिक और 90,780 उम्मीदवारों ने 500 से ज्यादा अंक प्राप्त किए हैं।
राज्यवार परिणामों में उत्तर प्रदेश सबसे आगे रहा, जहां से सबसे अधिक 1.07 लाख उम्मीदवार परीक्षा में सफल हुए हैं।
पिछले वर्ष NEET UG के टॉपर का स्कोर 686 अंक था, जबकि इस बार शीर्ष स्कोर 715 अंक रहा। इस प्रकार टॉप स्कोर में 29 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और अधिक कड़ा नजर आया।
गौरतलब है कि NEET में पूर्ण अंक हासिल करने का रिकॉर्ड इस वर्ष भी नहीं बन पाया। इससे पहले वर्ष 2019, 2022 और 2025 में भी कोई अभ्यर्थी 720 में से 720 अंक प्राप्त नहीं कर सका था।
