अग्निवीर योजना एवं साइबर सुरक्षा पर एनसीसी कैडेट्स को किया गया जागरूक

रुड़की/हरिद्वार। 84 उत्तराखंड बटालियन एनसीसी, रुड़की के तत्वावधान में क्वांटम विश्वविद्यालय, मंडावर में आयोजित दस दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत कैडेट्स के सर्वांगीण विकास एवं राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता व्याख्यान आयोजित किए गए।

इस अवसर पर कप्तान स्वप्निल जैन, 51 आर्टिलरी ने कैडेट्स को अग्निवीर योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए भर्ती प्रक्रिया, पात्रता, प्रशिक्षण, सेवा अवधि, भविष्य की संभावनाओं तथा भारतीय सशस्त्र सेनाओं में उपलब्ध गौरवपूर्ण अवसरों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कैडेट्स को अनुशासन, शारीरिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि एनसीसी का प्रशिक्षण युवाओं को सेना में उत्कृष्ट करियर बनाने की मजबूत नींव प्रदान करता है।

इसके उपरांत भगवानपुर के क्षेत्राधिकारी श्री सुमित पांडेय ने साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव विषय पर विस्तृत व्याख्यान दिया। उन्होंने ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, ओटीपी एवं बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा डिजिटल माध्यमों पर सतर्क रहने के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कैडेट्स से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें तथा अपने परिवार एवं समाज को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करें।

शिविर प्रशासन ने बताया कि ऐसे विशेषज्ञ व्याख्यानों का उद्देश्य कैडेट्स को समसामयिक विषयों से अवगत कराते हुए उन्हें जिम्मेदार, जागरूक एवं राष्ट्रहित के प्रति समर्पित नागरिक के रूप में विकसित करना है। कैडेट्स ने दोनों वक्ताओं के विचारों को अत्यंत उपयोगी बताते हुए उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा अपने प्रश्नों के माध्यम से विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की । आज व्याख्यान सुनने वाले कैडेटस् में शानवी, ज्योति सैनी, वेदांश त्यागी, देवांश गोयल, आशुतोष पाठक, अरहान अनीस आदि प्रमुख रहे ।