| 09 जुलाई 2026भारत मौसम विज्ञान केंद्र (आईएमडी), देहरादून द्वारा जनपद हरिद्वार में 10 जुलाई (शुक्रवार) को भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। छात्र-छात्राओं और छोटे बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के सभी विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार 10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को हरिद्वार जनपद के सभी राजकीय, परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन पूर्णतः बंद रहेगा।प्रशासन ने बताया कि लगातार हो रही वर्षा के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और जलभराव जैसी परिस्थितियां उत्पन्न होने की आशंका है। इसी को देखते हुए आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत यह आदेश जारी किया गया है।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं तहसील प्रशासन को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि कोई विद्यालय या संबंधित संस्था आदेश की अवहेलना करती है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।मुख्य बिंदु:10 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को हरिद्वार के सभी स्कूल बंद।सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों पर आदेश लागू।सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद।भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी के चलते लिया गया फैसला।आदेश का उल्लंघन करने वालों पर होगी कानूनी कार्रवाई।
