प्रदेश में रुक-रुककर बारिश से मिली राहत, पर्वतीय जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

देहरादून, संवाददाता। उत्तराखंड में मंगलवार को रुक-रुककर हुई बारिश से मैदानी क्षेत्रों में गर्मी और उमस से राहत मिली, जबकि पर्वतीय इलाकों में मौसम सुहावना होने के साथ ठंड का अहसास बढ़ गया। मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के कई पर्वतीय जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।

देहरादून में सुबह करीब साढ़े दस बजे शुरू हुई बारिश का सिलसिला रुक-रुककर शाम चार बजे तक जारी रहा। हल्की बारिश के चलते शहरवासियों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक शहर में कुल 6.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार को देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए संबंधित जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।