

पिरान कलियर। रुड़की-बाजूहेड़ी के बीच कांवड़ पटरी मार्ग पर रविवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई भीषण भिड़ंत में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पिरान कलियर और सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाजूहेड़ी-रुड़की कांवड़ पटरी मार्ग पर तेज रफ्तार से आ रही दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार दो युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की सहायता से उपचार के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। वहीं, दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को अपने कब्जे में ले लिया है।
कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी ने बताया कि हादसे में घायल तीन लोगों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतकों की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, दुर्घटना के कारणों की जांच भी पुलिस द्वारा की जा रही है।
