

लक्सर: भिक्कमपुर गांव निवासी अमित भारद्वाज की शिकायत पर देहरादून निवासी संदीप चौधरी के खिलाफ कथित धोखाधड़ी और अभिलेखों में कूटरचना का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि आरोपी ने दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा कर अमित भारद्वाज के नाम जारी खनन पट्टे पर उनकी जानकारी के बिना अवैध खनन किया। मामला तब सामने आया, जब तहसील प्रशासन ने खनन रॉयल्टी बकाया होने पर अमित भारद्वाज के नाम 42.50 लाख रुपये की आरसी जारी की।
अमित भारद्वाज ने न्यायालय में दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि उनकी फर्म तत्सत हरेराम इंटरप्राइजेज के नाम 28 मई 2019 को खनन पट्टा स्वीकृत हुआ था और 18 जून 2019 को वर्क ऑर्डर भी जारी हुआ। इसी बीच 24 जून को सड़क दुर्घटना में घायल होने के दौरान आरोपी ने कथित रूप से जीएसटी पंजीकरण और अन्य अभिलेखों में कूटरचना कर उनकी भूमि पर खनन कराया। वर्ष 2024 में आरसी जारी होने पर उन्हें पूरे मामले की जानकारी मिली। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं होने पर अमित भारद्वाज ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने संदीप चौधरी और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
