कोसी नदी पार करते समय युवक की डूबने से मौत, एसडीआरएफ ने निकाला शव

नैनीताल , गरमपानी। बेतालघाट ब्लॉक के ग्राम सिमलखा निवासी 19 वर्षीय विशाल जलाल की गुरुवार को कोसी नदी पार करते समय पैर फिसलने से नदी में डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी। उस समय क्षेत्र में मॉक ड्रिल कर रही एसडीआरएफ की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर युवक को नदी से बाहर निकाला।

अचेत अवस्था में विशाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) गरमपानी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। खैरना चौकी प्रभारी सतीश चंद्र उपाध्याय ने बताया कि युवक की मौत कोसी नदी में डूबने के कारण हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।