

पिरान कलियर। मुख्यमंत्री के नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान और ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उत्तराखंड एसटीएफ, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ), कलियर पुलिस और ड्रग इंस्पेक्टर की संयुक्त टीम ने एक कॉस्मेटिक की दुकान पर छापेमारी कर प्रतिबंधित नशीली दवाओं के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 39 बोतल कोडीन युक्त कफ सिरप और 24 ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए हैं।
कोतवाली प्रभारी एवं सीओ दिव्येश उपाध्याय ने बताया कि मंगलवार को चलाए गए अभियान के दौरान संदिग्ध कॉस्मेटिक की दुकान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दुकान से प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद होने पर मौके से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अहतशाम उल हक, निवासी ग्राम बुड्ढाहेड़ी, थाना पथरी, के रूप में हुई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अधिक मुनाफा कमाने के लालच में अपनी कॉस्मेटिक की दुकान से प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री कर रहा था।
पुलिस ने बरामद दवाओं को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
सीओ दिव्येश उपाध्याय ने कहा कि मुख्यमंत्री के नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध नशे के कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
संयुक्त कार्रवाई में एसटीएफ इंस्पेक्टर यादविंदर बाजवा, एसआई दीपक मैठाणी, कमल हसन, हेड कांस्टेबल मनमोहन, रवि पंत, दीपक नेगी, ईमलीखेड़ा चौकी प्रभारी शहजाद अली, हेड कांस्टेबल सोनू चौधरी, प्रकाश मनराल सहित एसटीएफ, एएनटीएफ और कलियर पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
