ललितपुर यार्ड रीमॉडलिंग का असर: जुलाई में कई ट्रेनें निरस्त, कुछ के बदले जाएंगे मार्ग

मुरादाबाद। ललितपुर रेलवे स्टेशन पर एक जुलाई से एक अगस्त तक प्रस्तावित यार्ड रीमॉडलिंग कार्य के चलते जुलाई माह में कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इस दौरान प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्यों के कारण विभिन्न तिथियों में ब्लॉक लिया जाएगा, जिससे कई ट्रेनें निरस्त रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और परिचालन क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से यह कार्य कराया जा रहा है। इसके तहत गाड़ी संख्या 05074 लालकुआं–केएसआर बेंगलुरु एक्सप्रेस 11 और 18 जुलाई को तथा 05073 केएसआर बेंगलुरु–लालकुआं एक्सप्रेस 14 और 21 जुलाई को निरस्त रहेगी।

इसी प्रकार 07363 एसएसएस हुबली–योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस 13 जुलाई तथा 07364 योगनगरी ऋषिकेश–एसएसएस हुबली एक्सप्रेस 16 जुलाई को रद्द रहेगी।

वहीं, 12172 हरिद्वार–लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस 17 जुलाई को मथुरा–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–बीना मार्ग के स्थान पर मथुरा–बयाना–सोगरिया–बीना मार्ग से संचालित होगी।

इसके अलावा 14313 लोकमान्य तिलक टर्मिनल–बरेली एक्सप्रेस 13 और 20 जुलाई तथा 14319 इंदौर–बरेली एक्सप्रेस 16 जुलाई को बीना–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी–ग्वालियर के बजाय बीना–गुना–ग्वालियर मार्ग से चलाई जाएगी।

इधर, यात्रियों को राहत देते हुए रेलवे ने 09425/09426 साबरमती–हरिद्वार–साबरमती साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन की संचालन अवधि एक माह बढ़ा दी है। पहले यह ट्रेन 30 जून तक संचालित की जा रही थी, लेकिन अब इसे 6 से 8 जुलाई तक दोनों दिशाओं में कुल आठ अतिरिक्त फेरे संचालित करने का निर्णय लिया गया है।

महेश यादव ने बताया कि ट्रेन प्रत्येक सोमवार शाम 6:45 बजे साबरमती से रवाना होकर अगले दिन रात 8:40 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। वापसी में यह प्रत्येक मंगलवार रात 9:30 बजे हरिद्वार से चलकर अगले दिन रात 10:30 बजे साबरमती पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव रुड़की, मुजफ्फरनगर, मेरठ सिटी, गाजियाबाद, दिल्ली जंक्शन, दिल्ली कैंट और गुरुग्राम सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रहेगा।

रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेकर ही सफर करने की अपील की है।