कॉलेज में छात्रों से तिलक और कलावा हटवाने का आरोप, वीडियो वायरल; बजरंग दल ने किया हंगामा

देहरादून। ट्रांसपोर्ट नगर स्थित एक निजी कॉलेज में छात्रों के माथे से तिलक और हाथों से कलावा उतरवाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद शनिवार को बजरंग दल के कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करते हुए हंगामा किया।

छात्रों का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने उन्हें माथे पर तिलक लगाकर और हाथ में कलावा बांधकर प्रवेश करने से रोक दिया। ड्रेस कोड का हवाला देते हुए छात्रों से तिलक और कलावा हटाने के लिए कहा गया। आरोप है कि छात्रों को यह भी चेतावनी दी गई कि यदि वे निर्देशों का पालन नहीं करेंगे तो उन्हें कॉलेज आने की आवश्यकता नहीं है।

मामले की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता कॉलेज पहुंचे और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि तिलक और कलावा सनातन धर्म की आस्था और परंपरा के पवित्र प्रतीक हैं तथा इन पर किसी भी प्रकार की रोक स्वीकार नहीं की जाएगी।

फिलहाल इस मामले में कॉलेज प्रशासन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।