चंपावत को मुख्यमंत्री धामी की बड़ी सौगात, एमआरआई मशीन का शुभारंभ और सिटी सेंटर का शिलान्यास

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को चंपावत जिले को विकास की दो बड़ी सौगातें दीं। उन्होंने जिला अस्पताल में नई एमआरआई मशीन का विधिवत शुभारंभ किया तथा रोडवेज स्टेशन परिसर में प्रस्तावित सिटी सेंटर निर्माण का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला अस्पताल में एमआरआई मशीन शुरू होने से अब चंपावत और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को जांच के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा गंभीर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने रोडवेज स्टेशन परिसर में बनने वाले सिटी सेंटर परियोजना का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस परियोजना के पूरा होने से शहर में आधुनिक सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय व्यापार एवं रोजगार को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।