मुख्यमंत्री धामी को यूकेडी का काले झंडों से विरोध, कार्यकर्ता हिरासत के बाद रिहा

रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आगमन के दौरान उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ताओं ने मिलिट्री हॉस्पिटल, लक्सर रोड के पास काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था, कथित भ्रष्टाचार, रुड़की के नेहरू स्टेडियम के निर्माण में देरी तथा पर्वतीय क्षेत्रों में उपद्रव फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ कार्रवाई न होने जैसे मुद्दे उठाए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी भी की।

प्रदर्शन के बाद पुलिस ने यूकेडी के जिलाध्यक्ष मास्टर दीपक लाखवान सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। जिलाध्यक्ष लाखवान ने आरोप लगाया कि सरकार जनहित की अनदेखी कर रही है तथा प्रदेश में भ्रष्टाचार और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। वहीं, यूकेडी के जिला प्रवक्ता विजय शर्मा ने कहा कि सरकार बुनियादी विकास कार्यों की उपेक्षा कर रही है और जनता की समस्याओं के समाधान पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही।

करीब तीन घंटे तक हिरासत में रखने के बाद पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को रिहा कर दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और पुलिस बल तैनात रहा।