


देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को एक उच्चस्तरीय बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि चारधाम एवं हेमकुंड साहिब यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुख-सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाएं सुचारु रहें और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशभर में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आस्था, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य की अमूल्य धरोहर है तथा यहां आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक सुरक्षित एवं सुखद यात्रा का अनुभव करें, इसके लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने सभी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों से अपील की कि वे देवभूमि के शांत और सौहार्दपूर्ण वातावरण में अपनी यात्रा का आनंद लें तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग और नगरासू में हाल ही में सामने आई घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन मामलों में सभी पक्षों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार, प्रशासन और पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया गया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है और तथ्यों के आधार पर आगे भी सख्त कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित करने वालों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि समाज और समुदायों को बांटने का प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों के लोगों ने मिल-जुलकर देश और समाज के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी प्रसारित करने और माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले लोगों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को भी सोशल मीडिया पर नजर रखने और किसी भी भड़काऊ सामग्री पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
