भीषण गर्मी में राहगीरों को बांटा मीठा जल, आईएसआर लीडर्स क्लब और पेंशनर्स ग्रुप ने किया छबील सेवा आयोजन

रुड़की। भीषण गर्मी के बीच आईएसआर लीडर्स क्लब एवं गवर्नमेंट पेंशनर्स ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में तहसील गेट के समीप छबील वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान यात्रियों, रिक्शा चालकों, राहगीरों तथा विभिन्न कार्यों से आने-जाने वाले लोगों को मीठा एवं शीतल जल वितरित किया गया।

इस अवसर पर आईएसआर लीडर्स क्लब की अध्यक्ष श्रद्धा हिन्दू ने कहा कि “नर सेवा ही नारायण सेवा है। भीषण गर्मी में प्यासे लोगों को जल पिलाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य माना गया है। समाज सेवा के ऐसे कार्य मानवता की सच्ची पहचान हैं।” उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को जरूरतमंदों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।

गवर्नमेंट पेंशनर्स ग्रुप के अध्यक्ष कुलदीप अग्रवाल ने बताया कि संस्था द्वारा प्रत्येक वर्ष ग्रीष्मकाल में इस प्रकार के सेवा कार्य आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी छबील सेवा का यह अभियान एक सप्ताह तक निरंतर चलाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।

कार्यक्रम में आईएसआर लीडर्स क्लब और गवर्नमेंट पेंशनर्स ग्रुप के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जल वितरण में सहयोग किया। इस दौरान सतीश शर्मा, मुनीष शर्मा, सुरेश शर्मा, ज्ञान शर्मा, उषा गुप्ता, नीलम मधौक, ईश्वर चंद्र शर्मा, अंशु अग्रवाल, पुनीत चौधरी, वीना सिंह, गोरधन गुप्ता, सोसिंह सैनी, डा. संतोष कुमार, योगेश शर्मा, राजेन्द्र माहेश्वरी, ऋषिपाल चौहान सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में राहगीरों ने शीतल जल ग्रहण कर राहत महसूस की और आयोजकों के इस सेवा भाव की सराहना की। समाजहित में किए गए इस प्रयास को लोगों ने गर्मी के मौसम में एक सराहनीय पहल बताया।