पिरान कलियर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर, तीन लोग गंभीर घायल

पिरान कलियर। पिरान कलियर में रविवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब यूपी नंबर की एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर भीड़भाड़ वाले इलाके में घुस गई और सड़क किनारे मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई, जबकि स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश देखने को मिला।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्कॉर्पियो तेज गति से क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे खड़े लोगों से जा टकराया। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने घायलों को वाहन से निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में मुख्तार आलम निवासी बिहार, छह वर्षीय साबरीन निवासी पिरान कलियर तथा 10 वर्षीय शबनम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस वाहन चालक की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वहीं स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने की मांग की है।